नारी शक्ति की बात करने वाले अंकिता को न्याय दिलाएं : सती

हरिद्वार, 12 फ़रवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरिद्वार में रोड शो, लगभग 1100 करोड़ की योजनाओं के शिलान्यास और नारी शक्ति महोत्सव में महिलाओं को सम्मान दिलाने की बात को कोरी घोषणाएं बताया है। उन्होंने पहले उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की बात कही।

पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष अनिल सती ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाली सरकार प्रदेश में सशक्त भू कानून और मूल निवास जैसे मुद्दों पर चुप्पी साध लेती है। आज अंकिता भंडारी का परिवार जहां न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है वहीं धामी नारी शक्ति महोत्सव में महिला सम्मान की बात कर रहे हैं। अंकिता भंडारी के परिजन वीआईपी के नाम को उजागर कर रहे हैं। बावजूद उसके धामी सरकार वीआईपी का नाम सामने आने के बाद भी जांच नहीं कर रही है। भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा फर्क है। आज प्रदेश का बेरोजगार युवा सड़कों पर है। पेंशन बहाली की मांग को लेकर पूर्व कर्मचारी आंदोलनरत है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार को बताना चाहिए कि 2 करोड़ रोजगार का क्या हुआ, काला धन कब आएगा, 100 स्मार्ट सिटी का क्या हुआ, बुलेट ट्रेन कहां तक चली किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई। ऐसे कई मुद्दे हैं जिनको 2024 में जनता भाजपा को आईना दिखाने जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर