(अपडेट)अस्पताल में हुई शादी की रस्में, गोली लगने से दुल्हा हुआ था घायल

दुल्हन की पिता ने कराई तीन नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट, पुलिस तलाश में जुटी

मथुरा, 15 फरवरी (हि.स.)(अपडेट)। जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में बारात चढ़त के दौरान बदमाशों ने दूल्हे को गोली मार दी। जो कि दूल्हे की जांघ पर लगी थी। इस दौरान दूल्हे को मथुरा रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान देर रात अस्पताल में ही दूल्हा-दुल्हन की शादी की रस्में पूरी हुई और सुबह दूल्हा-दुल्हन को विदा कराकर घर ले गया। इस संबंध में दुल्हन के पिता ने तीन नामजदों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच में जुटी है।

सोनम पुत्री निरंजन निवासी फरीदमपुर थाना नौहझील की शादी अलीगढ़ के थाना पिसावा के गांव दमुआका निवासी रेखपाल के पुत्र गौरव के साथ तय हुई। शादी समारोह का कार्यक्रम नौहझील के रायपुर रोड स्थित कृष्णा मैरिज होम में चल रहा था। चारों ओर खुशियों का माहौल छाया हुआ था और दावत खाने के बाद बाराती बारात चढ़ाने की तैयारी कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तभी अचानक 5-6 अज्ञात बदमाश गाड़ी में आये और दूल्हे पर गोली दाग दी। जो दूल्हे गौरव की जांघ में जा धंसी। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने घायल दूल्हे को सीएचसी नौहझील भिजवाया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दूल्हे को मथुरा रेफर कर दिया।

मौके पर एसपी देहात त्रिगुन बिसेन, इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह व उपनिरीक्षक अंकित कुमार मौके पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गये व छानबीन में जुट गए। उपचार मिलने के बाद देर रात दूल्हे गौरव व दुल्हन सोनम की शादी की रस्में पूरी हुई और दूल्हा-दुल्हन को विदा कराकर साथ ले गया।

इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि देर रात शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा-दुल्हन को विदा कराकर ले गया है। लड़का पक्ष द्वारा कोई भी तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। लड़की के पिता ने तीन नामजदों के खिलाफ तहरीर दी है। दुल्हन सोनम के पिता निरंजन सिंह ने दूल्हे को गोली मारने में तीन नामजद आरोपियों तेजसिंह पुत्र मेवाराम, राहुल पुत्र तेजसिंह व वीरेंद्र पुत्र प्रमो निवासी फरीदमपुर थाना नौहझील के खिलाफतहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/राजेश

   

सम्बंधित खबर