कांकेर : 56.20 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपित गिरफ्तार

कांकेर, 19 फरवरी (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर पुलिस ने रविवार देर शाम अफीम के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अंतागढ़ रोड स्थित एक पान दुकान में दो लोग अफीम बेचने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर ग्राहक के पहले पुलिस पहुंच गई और अफीम सहित दोनों आरोपितों आकाश वर्मा उर्फ गोगो एवं गुरदीप सिंह को 56.20 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी प्रेम प्रकाश अवधिया ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लोग अफीम बेचने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं इस सूचना पर ग्राहक के पहले पुलिस पहुंच गई और अफीम सहित दोनों को गिरफ्तार कर दोनों आरोपितों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आज सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। उल्लेखनीय है कि इस इलाके में पहली बार अफीम के साथ आरोपितों को पकड़ा गया है। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक शिवचरण मरकाम एवं उपनिरीक्षक कीर्तिराम दीवान सहित अन्य कर्मचारियों की भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर