आचार्यश्री विद्यासागर महाराज को सर्व समाज ने अर्पित की विनम्र श्रद्धांजलि

जगदलपुर, 20 फरवरी(हि.स.)। सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा आज मंगलवार सुबह महावीर भवन में महावीर के अवतार कहे जाने वाले समाधिलीन विद्यासागर महाराज को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने सर्व समाज से सभी जाति धर्म के लोग एकत्र हुए। कार्यक्रम के प्रारंभ में आचार्यश्री की तस्वीर के सामने समाज के वरिष्ठ सदस्य संतोष जैन, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, सुनील जैन, राजकुमार जैन, ऋषभ जैन ने दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यासागर महाराज के जीवन वृत्त पर वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में 02 मिनट का मौन रख, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भवन में उन चीजों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसका त्याग कर आचार्यश्री विद्यासागर महाराज ने लोगों को अपना आचार-व्यवहार बदलने का संदेश दिया है। विनम्र विनयांजलि सभा का संचालन कर आभार दीपक जैन ने व्यक्त किया।

दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष अनूप जैन ने कहा कि आचार्यश्री का महानिर्वाण जैन समाज के लिए ही नहीं, अपितु सकल विश्व के लिए बड़ी क्षतिपूर्ति है। आचार्य विद्यासागर महाराज के साथ राजकुमार जैन का आत्मीय संबंध रहा है। उनके एवं समाज के प्रयास से ही वे वर्ष 2012 में जगदलपुर पधारे थे। उन्होंने कहा कि आचार्यश्री का बस्तर पदार्पण बस्तरवासियों के लिए सौभाग्यकारक रहा।

वरिष्ठ सदस्य संतोष जैन ने कहा कि गुरुदेव का आव्हान है कि अपने देश को इंडिया नहीं भारत बोलो। गाय बचेगी- देश बचेगा और अहिंसा ही सबसे बड़ा धर्म है। इस आव्हान को आत्मसात करने से ही सर्व धर्म का संरक्षण होगा। पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि आचार्यश्री ने कहा था कि बस्तर सर्व धर्म समभाव रूपी गुलदस्ता है, चूंकि यहां के लोग अच्छे हैं। युवा जैन मंडल अध्यक्ष आयुष जैन और श्वेताम्बर जैन समाज अध्यक्ष मनोहर लूनिया ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर जी के संदेशों को आत्मसात करने से जीवन धन्य होगा और यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजली होगी।

कैथोलिक चर्च के फादर थामस वडक्कमकारा तथा फादर अब्बास ने कहा कि ईश्वर समय-समय पर अपने पुत्रों को धरती पर भेजता है। उनमें एक हैं आचार्य विद्यासागर जिन्होंने ठीक भगवान महावीर की तरह अहिंसा को सर्वोपरि बतलाया और विश्व को दिशा दी। सभा में सर्व हिन्दू समाज के अध्यक्ष धरमलाल शर्मा, विमल लोढ़ा माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष श्याम सोमानी, शिवनारायण चांडक, जैन महिला मण्डल अध्यक्ष सपना जैन, पूर्व अध्यक्ष रतनलाल जैन, दिगंबर जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष संजय जैन, एकल विद्यालय की प्राची गर्ग, पत्रकार हेमंत कश्यप, समाजसेवी अनिल लुंकड़, विनोद कुमार डाकलिया, नेहा जैन, अविनाश जैन, चार्ली चौधरी, मंशा जैन ने अपने विचार रखे।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर