आर्थिक शक्ति बनने में महिलाओं की भागीदारी जरूरी : दीप्ति रावत

-2047 तक महिलाओं को साथ लेकर आर्थिक शक्ति बनेगा भारत

नई टिहरी, 20 फरवरी (हि.स.)। जिला भाजपा कार्यालय में एनजीओ व स्वयं सहायता समूहों के साथ जुड़ी महिलाओं के साथ शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत चाय पर चर्चा एवं संवाद किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला मोर्चा की महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि देश के यदि विश्व की तीसरी आर्थिक शक्ति बनाना है, तो महिलाओं की भागीदारी देश में विकास में बेहद जरूरी।

शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिलाओं से दीप्ति रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं की शक्ति को समझते हैं। इसलिए उनका प्रयास है कि महिलाओं के सशक्तिकरण के ऐसे कार्यक्रम चलाए जायें, जिससे महिलायें मजबूत हों और भारत की आर्थिक शक्ति बनने में उनकी सहभागिता में आर्थिक गतिविधियों में हो। महिला सशक्तिकरण पुरजोर समर्थक मोदी को आने वाले चुनाव में अपना समर्थन व सहयोग देने की अपील रावत ने की। महिलाओं के उज्जवला योजना, स्वयं सहायता समूहों का गठन, न्यूनतम दरों पर ऋण की सुविधा सहित तमाम योजनायें महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही हैं। महिलाओं से परिवार और समाज समृद्ध होता है।

महिला समूहों का आत्मविश्वास बताता है कि विकास हो रहा है। मोदी का विजन है कि 2047 तक देश को आर्थिक शक्ति बनाकर उसमें महिलाओं की भूमिका बेहद मजबूत करनी है।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी लाभार्थी महिलाओं से संवाद करते हुए 3617 स्वयं सहायता समूहों को 54 करोड़ 25 लाख रुपये का अंशकालिक ऋण भी वितरित किया। उन्होंने कहा कि जब देश की आजादी के सौ साल पूर कर रहा होगा, तो पीएम के विजन के तहत महिलायें भी पूरी तरह से सशक्त होंगी।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रदेश सहसंयोजक सुशील बहुगुणा ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार महिलाओं को लेकर पूरी तरह से संवेदनशील होकर कार्य कर रही है। जिसका परिणाम है कि आर्थिक रूप से महिलाओं को साथ लेकर चला जा रहा है। महिलाओं का सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। महिलाओं की आय वृद्धि के लिए काम करने वाले दस एनजीओ को मौके पर सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष इंद्रा आर्य, कार्यक्रम संयोजक भाजपा महामंत्री उदय रावत, जिला संयोजक एनजीओ प्रकोष्ठ अरविंद उनियाल, निविदेता परमार, ब्लाक प्रमुख सुनीता देवी, प्रमुख शिवानी बिष्ट, अल्पसंख्यक मोर्चे के जिलाध्यक्ष तौफीक अहमद, नई टिहरी मंडल अध्यक्ष गोपी राम चमोली, विजय कठैत सहित दर्जनों मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल//रामानुज

   

सम्बंधित खबर