राष्ट्रीय व्यापार मंडल तहसील इकाई का हुआ शपथ ग्रहण

हरिद्वार, 21 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय व्यापार मण्डल तहसील रोड इकाई का शपथ ग्रहण सैनी धर्मशाला में आयोजित किया गया। इस मौके पर कॉरिडोर का स्वागत और नक्शा जारी करने की मांग के साथ प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई। साथ ही पुनः व्यापारी आयोग बनाए जाने का प्रस्ताव पास कर सरकार को भेजा गया।

शपथ ग्रहण में मुख्य अतिथि महामण्डलेश्वर स्वामी रूपेन्द्र प्रकाश महाराज ने कहाकि व्यापारी की पहली पसन्द आज राष्ट्रीय व्यापार मण्डल बन गया है, क्याेंकि चाहे कोई बड़ी से बड़ी बात हो या कोई भी व्यापारी की पीड़ा राष्ट्रीय व्यापार मण्डल के पदाधिकारी हमेशा तत्पर रहते हैं और व्यापारी के साथ खड़े होते हैं। उन्होंने कहाकि प्रदेश व देश की आर्थिक रीढ़ है और देश हित मे हुए सभी बड़े आन्दोलन में व्यापार मण्डल के सहयोग को भुलाया नहीं जा सकता है। चाहे वह राम जन्मभूमि का आन्दोलन रहा हो चाहे वह राम सेतु का या अन्य कोई भी धर्म और देश हित की लड़ाई हो व्यापारियों ने आगे आ कर अपना फर्ज निभाया है। उन्होंने कहाकि कॉरिडोर हरिद्वार के विकास में एक बड़ा अध्याय होगा इसके आने से व्यापार और पर्यटक दोनों को लाभ मिलेगा।

प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के विकास के लिए और सौदर्यीकरण के लिए हरिद्वार को कॉरिडोर की एक बड़ी सौगात दी है। व्यापार उसका स्वागत करता है,लेकिन कॉरिडोर का नक्शा अभी तक जारी नहीं होने से व्यापारी भ्रम की स्थिति में हैं और तय नहीं कर पा रहा है की आगे क्या और कैसे किया जाएगा। प्रशासन को तत्काल नक्शा जारी करना चाहिए। चौधरी ने कहा कि इसमें जो भी व्यापारी प्रभावित हो रहा है उसको उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए ताकि वह अपना आगे का जीवन और व्यापार ठीक से कर सके।

नवनियुक्त अध्यक्ष तहसील रोड लाखन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापार मण्डल ने हम सभी को अपने साथ जिस उम्मीद के साथ जोड़ा है हमारा एक एक व्यापारी उस पर खरा उतरेगा और व्यापारी हितो के हर आंदोलन मे संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होगा।

शपथ लेने वालों में अध्यक्ष लाखन सिंह, महामंत्री रामपाल सैनी, कोषाध्यक्ष मथुरा वाले, उपाध्यक्ष जुगल अरोड़ा, मोहन लाल माटा, लच्छीराम, विनोद भाटिया, सचिव डॉ. बेलप्रसाद, वसुदेव, नदीम, विपिन कुमार, रमेश कुमार, संगठन मंत्री अनुज कुमार, इकराम, सुलेमानी व सतीश कुमार प्रचार मंत्री अनिल कुमार मीडिया प्रभारी काका, सह मीडिया प्रभारी फरमान, कार्यकारिणी सदस्य रिजवान, रमेश सिंह राणा, राजेंद्र सिंह चौहान, जय प्रकाश शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर