स्वर्ण मंडित होगा मां विंध्यवासिनी का गर्भगृह, भक्त का संकल्प

- 15 किलो सोना लगने का आकलन, 101 किलो चांदी का बना है प्रवेश द्वार

मीरजापुर, 22 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट गुलाबी पत्थर की आभा से दमकते नजर आएंगे तो मंदिर का गर्भ गृह स्वर्णिम प्रकाश बिखेरेगा। विंध्य कारिडोर की गुणवत्ता पर मुख्यमंत्री की नजर तो है ही, अब भक्त भी इसे निखारने में लगे हैं। मुम्बई के एक व्यवसायी ने गर्भगृह को सोने से मंडित करने का प्रस्ताव जिलाधिकारी को दिया है।

विंध्य काॅरिडोर का स्वरूप अद्भुत व अलौकिक होगा ही, अब यहां भक्ति की स्वर्णीम झलक भी दिखेगी। इसके लिए मुंबई के व्यवसायी संजय सिंह ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से मिलकर मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह को सोने से मंडित करने का प्रस्ताव रखा है। इसमें लगभग 15 किलो सोना लगने का अनुमान है। इस पर विचार-विमर्श व आम सहमति के लिए जिलाधिकारी ने विंध्य विकास परिषद की बैठक 26 फरवरी को बुलाई है।

ज्ञात हो कि विंध्याचल धाम में व्यवस्था को नियन्त्रित करने के लिए परिषद का गठन किया गया है। इसके अध्यक्ष पदेन जिलाधिकारी एवं सचिव नगर मजिस्ट्रेट होते हैं, जो मंदिर के दानपात्र में आने वाले धन का संग्रह करते हैं।

विंध्य धाम के गर्भगृह का द्वार, खंभे, दीवारों पर चांदी की परत चढ़ी है। झारखंड के एक भक्त संजय चौधरी ने 28 अप्रैल 2022 को 101 किलो चांदी से मंडित प्रवेश द्वार का विधिवत पूजन अर्चन कर मां विंध्यवासिनी को भेंट किया था। इसके पूर्व यह द्वार पीतल निर्मित था।

हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर