यूपी की सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही भाजपा : भूपेन्द्र सिंह चौधरी

लखनऊ, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने दावा किया है कि भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है।

शनिवार को भाजपा के राज्य मुख्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि लोकसभा चुनाव के सात चरण आज संपन्न हो गये हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए गठबंधन के प्रति जो प्रेम दिखाया है उससे मन आह्लादित है। जनता जनार्दन के इस विश्वास के प्रति उनका कोटि-कोटि वंदन और अभिनंदन है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने मोदी के नेतृत्व में किए गये जनहित के कल्याणकारी कार्यों का समर्थन किया और भाजपा के पक्ष में दनादन कमल का बटन दबाया। अपार जनविश्वास की बदौलत बहुत सी सीटों पर विपक्ष की जमानत भी जब्त होने जा रही है। चुनाव में मतदान करने की अपनी सबसे महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी निभाने के लिए प्रदेश और देश की जनता जनार्दन का हार्दिक वंदन एवं अभिनंदन एवं नमन करता हूँ।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने इंडी गठबंधन की दिल्ली में हुई बैठक के सवाल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इंडी गठबंधन की दिल्ली में हुई बैठक में हार ठीकरा फोड़ने के लिए ईवीएम, सरकारी मशीनरी के दुरूपयोग तथा चुनाव आयोग की भूमिका को घेरने के लिए चर्चा हुई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को मिले जनाशीर्वाद की अनुभूति पहले चरण से ही होने लगी थी। हर चरण में जनता जनार्दन का मोदी के प्रति स्नेह उमड़ता रहा। चार जून को हमें मिलने वाले वोट से इसकी पुष्टि भी हो जाएगी।

श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा के नेताओं को जनता ने हाथों हाथ लिया और हर बूथ तक पार्टी के नेता पहुँचे। भाजपा का ही प्रचार चहुंओर रहा। विपक्षी गठबंधन के नेताओं में साहस की कमी रही इस कारण राहुल गांधी और अखिलेश यादव सभी 80 लोकसभा सीटों पर जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाये।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित

   

सम्बंधित खबर