चोपड़ा में मारे गए बच्चों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की वित्तीय मदद देगी बंगाल सरकार

कोलकाता, 22 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चोपड़ा में मरने वाले बच्चों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। नवान्न सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक बच्चे के परिवार को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिये।

उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा में कुछ दिन पहले सीवर के लिए काटी गई मिट्टी में दबने से चार बच्चों की मौत हो गई थी। चोपड़ा के दासपाड़ा ग्राम पंचायत के चेतनागछ गांव में हुई घटना में तृणमूल ने बीएसएफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कथित तौर पर बच्चों की मौत बीएसएफ की ओर से बन रहे नाले में दबने से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य के मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और गोलाम रब्बानी चोपड़ा गये थे। चोपड़ा के विधायक हमीदुर्रहमान, इस्लामपुर नगर पालिका के मेयर कनाईलाल अग्रवाल भी मौजूद थे।

इसके बाद 20 फरवरी को राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने चोपड़ा का दौरा किया था। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात की थी। राज्यपाल को देख मृत बच्चों के परिजन रोने लगे थे। राज्यपाल ने घोषणा की कि उन बच्चों के परिजनों को पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी अवगत कराया जाएगा। ग्रामीणों ने राज्यपाल से बीएसएफ की शिकायत की थी। राज्यपाल ने कहा, ''जो कुछ हुआ उसके लिए जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मैं इस मामले को भारत सरकार के गृह मंत्री तक भी पहुंचाऊंगा। मैं मुख्यमंत्री को भी अवगत कराऊंगा। मैंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनी हैं।'' इसके बाद गुरुवार को पता चला कि चोपड़ा के मृत बच्चों के परिवार को राज्य सरकार से भी आर्थिक मदद मिलेगी। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर