मालवीया जैसे लोग कांग्रेस के लिए कलंकः रंधावा

भरतपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शुक्रवार को कहा है कि चुनाव प्रबंधन के लिए मीटिंग की जा रही है। पार्टी कार्यकर्ता बताएंगे कि कहां कमी रही। है। इसी के आधार पर अब आगे की रूपरेखा तय की जाएगी। रंधावा ने माना कि भारतीय जनता पार्टी मैनेजमेंट और डिसिप्लिन दोनों में कांग्रेस से आगे है। पार्टी और परिवार तब ही सही तरीके से चल सकता है, जब अनुशासन सख्ती से लागू किया जाए। अगर थोड़ी भी ढील आ जाएगी तो नुकसान हो सकता है।

भरतपुर दौरे पर आए रंधावा ने कहा कि मुझे सीएम नहीं बनाया, फिर भी मैं कांग्रेस के साथ हूं। मुझे सीएम के ऊपर बनाकर भेज दिया। यही एक डिसिप्लिन पार्टी में रहना चाहिए। महेंद्र जीत मालवीया के बीजेपी में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि यह अफसोसजनक है। मैं तो पहले ही बीजेपी में जाना चाहता था। मुझे मिनिस्टर बनना था। इसका मतलब दाल में कुछ काला है। मंत्री हमारे सबसे ज्यादा हारे, कहां डील थी, कहां उनको छूट दे रखी थी। उन्हें डिसिप्लिन में क्यों नहीं रखा। जो व्यक्ति ऐसी बातें करते हैं। वह पहले अपने गिरेबान में देखें। मालवीया जैसे लोग कांग्रेस के लिए कलंक थे।

सीएम भजनलाल की भी आलोचना की

सीएम भजनलाल शर्मा के लाल बत्ती पर रुकने के बयान पर रंधावा ने कहा कि सीएम जहां जाता है, वहां उसका रूट तय होता है। वहां लाल बत्ती नहीं आती, वहां पूरी पुलिस खड़ी होती है। एक ड्रामा कर लिया। हमारी सरकार ने लाल बत्ती बंद कर दी थी।

किसान के लिए एमएसपी जरुरी

रंधावा ने कहा कि किसान बिना समर्थन मूल्य के खेती नहीं कर सकता। किसान को अन्नदाता कहने वाले लोग उनपर लाठियां बरसा रहे हैं। किसानों को रोकने के लिए सड़क पर कांटे बिछाए गए हैं। दीवार बना दी गई है। अंग्रेजों के समय भी किसानों का आंदोलन हुआ था। उस समय भी अंग्रेजों ने किसानों को रोका नहीं था। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी उनके साथ मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनुराधा/संदीप

   

सम्बंधित खबर