गुरु रविदास की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक, श्री गुरु राविदास विश्व महापीठ ने जयंती पर दी बधाई

जम्मू। स्टेट समाचार
श्री गुरु राविदास विश्व महापीठ के राष्ट्रीय सचिव बलबीर राम रतन ने समुदाय के सदस्यों के एक समूह से बात करते हुए युवा पीढ़ी को देश के महान संतों में से एक के जीवन और शिक्षाओं के बारे में शिक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और आने वाले समय में भी लोगों को प्रेरित करती रहेंगी। बलबीर राम रतन ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का जन्मदिन हर साल प्रकाश उत्सव के रूप में भारत के कई राज्यों और कई अन्य देशों की तरह जम्मू-कश्मीर में भी बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह दिन उस महान संत को समर्पित करना चाहिए, जो एक महान समाज सुधारक थे और उन्होंने सामाजिक समानता, भाईचारे और सभी धर्मों और आस्थाओं के प्रति सम्मान का उपदेश दिया था। उन्होंने जाति और लिंग आधारित सामाजिक बाधाओं को खत्म करने की वकालत की। रविदास के भक्ति पद सिखों के पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब में भी पाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि समुदाय के परिवारों में बुजुर्गों की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उन्हें प्रकाश उत्सव के अवसर का उपयोग युवा पीढ़ी को गुरु रविदास के जीवन और उपदेशों के बारे में शिक्षित करने के लिए करना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि कैसे संत रविदास ने समानता का संदेश फैलाने के लिए अंधविश्वासों के खिलाफ लड़ाई लड़ी।

   

सम्बंधित खबर