एआईयूडीएफ-कांग्रेस गठबंधन पर भाजपा को कुछ नहीं कहना : मार्घेरिटा

धुबड़ी (असम), 25 फरवरी (हि.स.)। राज्यसभा सांसद तथा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव पवित्र मार्घेरिटा ने कहा है कि एआईयूडीएफ और कांग्रेस के बीच गठबंधन या तलाक के बारे में भाजपा को कुछ नहीं कहना है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में दोनों ही दल मिलकर लड़े थे। इस चुनाव में वह क्या करते हैं, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता है। सांसद मार्घेरिटा आज यहां एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर मतदाताओं की नई पीढ़ी को पार्टी से जोड़ने की रणनीति बनाने के लिए आज भाजपा के धुबड़ी मुख्यालय में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

कार्यक्रम में पूर्व आसू नेता दीपांकर नाथ शामिल थे, जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का आनंद लिया।

कार्यक्रम के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मार्घेरिटा ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ सभी स्तरों पर लोगों के विकास के लिए काम करने वाली भाजपा कोई चुनावी मशीन नहीं है। उन्होंने बसुंधरा 202 समेत केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा शुरू की गई विभिन्न विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला।

संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा संकेत है कि दो मियां गांवों को छोड़कर खिलंजिया (स्थानीय) समुदाय के लोग अपने आप भाजपा में शामिल हो गए।

राज्यसभा सदस्य मार्घेरिटा ने यह भी कहा कि पूर्वी बंगाल के लोगों को छोड़कर (जिन्होंने अभी तक भारतीयता को नहीं समझा है) सभी भाषाओं और सभी धर्मों के लोगों ने भाजपा को अपना लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर /श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर