पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार

जलपाईगुड़ी, 27 फरवरी (हि.स.)। राजगंज ब्लॉक के पानीकौरी ग्राम पंचायत अंतर्गत जुगनीडांगा इलाके में एक शख्स को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मृतकी का नाम कनिका राय (52) है जबकि आरोपित पति का नाम डोलो राय (55) है। आरोपित को राजगंज थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार दंपति के दो बेटे और एक बेटी हैं। दोनों के बीच बीच-बीच में किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। सोमवार देर शाम को भी किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तभी पति डोलो राय ने पत्नी कनिका राय पर कुदाल से वार कर दिया। घटना के समय दोनों घर में अकेले थे। कनिका राय गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद कनिका को पड़ोसियों ने उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही राजगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। राजगंज थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार /सचिन

   

सम्बंधित खबर