चार चाय मजदूर संगठनों के 50 से अधिक पदाधिकारी भाजपा में शामिल

गुवाहाटी, 27 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव की आहट से विभिन्न संगठनों एवं राजनीतिक पार्टियों के नेताओं का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला चल रहा है। मंगलवार को असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य के चार चाय मजदूर संगठनों के 50 से अधिक पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

गुवाहाटी के वशिष्ठ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता की अध्यक्षता में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में चाय मजदूर संगठनों के पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा के सांसद दिलीप सैकिया, राज्यसभा सदस्य एवं असम प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता कामाख्या प्रसाद तासा, असम सरकार के मंत्री जयंत मल्लबरुवा, चाय मोर्चा के अध्यक्ष समेत अन्य कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष कलिता ने पार्टी में शामिल होने वाले नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों से आकर्षित होकर यह लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं से राज्यवासियों के कल्याण के लिए काम करने एवं जन-जन तक केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया। आने वाले दिनों में कई वरिष्ठ नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अटकलें हो रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर