सैकड़ो राम भक्तों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना, जय श्री राम नारों से गूंज उठा रेलवे स्टेशन

कठुआ 27 फरवरी (हि.स.)। अयोध्या में भगवान श्री राम जी की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब आम जनमानस के लिए मंदिर खुल गए हैं जिसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से भगवान श्री राम जी के दर्शनों के लिए अयोध्या की ओर जाना लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला कठुआ से भी सैकड़ो राम भक्त मंगलवार को अयोध्या के लिए रवाना हुए।

इस अवसर पर सीटीएम प्रबंधन की ओर रेलवे स्टेशन कठुआ पर पहुंचे राकेश कुमार बंसल ने फूल बरसाकर राम भक्तों को रवाना किया और आगे की यात्रा के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी। इस मौके पर समूचा रेलवे स्टेशन कठुआ जय श्री राम के नारों से गूंजायमान रहा। भाजपा युवा नेता राहुल देव ने कहा कि करीब 496 वर्ष के बाद भारत वर्ष में भगवान राम की स्थापना एक भव्य मंदिर में हुई है और यह समूचे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण है। बीजेपी देश की पहली ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसने भव्य राम मंदिर के निर्माण को लेकर भारत भूमि पर पहली बार प्रस्ताव पारित किया। इतना ही नहीं दशकों तक चले संघर्ष में भारतीय जनता पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी। राहुल देव ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होने के नाते वह गर्व का अनुभव करते हैं कि इस राजनीतिक दल ने जिस विचारधारा को लेकर देश में पदार्पण किया। आज वह विचारधारा न केवल भारत अपितु समूचे विश्व में गर्वित अनुभव कर रही है।

हिन्दुस्थान/समाचार/सचिन//बलवान

   

सम्बंधित खबर