ग्वालियर: ग्वालियर-चंबल अंचल में बुधवार को बूंदाबांदी की संभावना

ग्वालियर, 27 फरवरी (हि.स.)। हिमालय में लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आसमान में बादल लगातार डटे हुए हैं। इसी क्रम में 29 फरवरी की रात हिमालय में एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने की संभावना है। इधर दक्षिण-पश्चिमी मध्यप्रदेश से एक द्रोणिका गुजर रही है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से गुजर रहा है। पूर्वोत्तर अरब सागर से गुजरात और दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश होते हुए पूर्वी राजस्थान तक एक द्रोणिका लाइन गुजर रही है। इससे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इसी वजह से बादल छाए हुए हैं। इसके चलते अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसी क्रम में 29 फरवरी एवं एक मार्च के बीच हिमालय में एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इस वजह से मार्च के शुरुआती दिनों में भी बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। ऐसे में फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे और न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर बना रहने की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 76 और शाम को 44 प्रतिशत दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर