फिरोजाबाद: नवागत जिलाधिकारी रमेश रंजन ने संभाली जिले की कमान

फिरोजाबाद, 13 मार्च (हि.स.)। नवागत जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बुधवार को जिले की कमान संभाल ली। उन्होंने कोषागार में पहुंचकर डबल लॉक का चार्ज ग्रहण किया। उन्होंने सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों को सुलभता से दिलाना अपनी पहली प्राथमिकता बताया।

नवागत जिलाधिकारी रमेश रंजन ने निरीक्षण भवन पहुंचकर सबसे पहले गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। रमेश रंजन वर्ष 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। जिलाधिकारी के रूप में यह जनपद उनका तीसरा जनपद है। इससे पूर्व वह हाथरस व कुशीनगर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त शासन के महत्वपूर्ण पदों पर भी उनकी तैनाती रही है।

जिलाधिकारी ने जिले का कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात अपने कार्यालय में जिले के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग अधिकारियों से वार्ता कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों को जाना।

उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से जनपद में किए जा रहे विकास के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इसी प्रकार उन्होंने डिप्टी कलेक्टर व सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारियों से आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जानकारी ली। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आपसी समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ कार्य करें।

सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों को सुलभता से मिले और जनपद की बेहतर कानून व्यवस्था के साथ जनपद में आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 को स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से कराना उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, अपर जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी दयाशंकर ने पुष्प गुच्छ देकर नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/दीपक/सियाराम

   

सम्बंधित खबर