अफीम की अवैध खेती के खिलाफ अभियान चलायें अधिकारी: उपायुक्त

खूंटी, 13 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को एनसीकोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अफीम की अवैध खेती और तस्करी के नियंत्रण के लिए विभिन्न पहलुओ पर चर्चा की गई। इस दौरान एनसीकोर्ड से संबंधित सभी अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों की समीक्षा की गयी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

उपायुक्त ने प्रखंड के सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी व फारेस्ट रेंजर आपसी समन्वय के साथ अपने सम्बन्धित क्षेत्र में अफीम की खेती को चिह्नित कर विनष्टीकरण के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने अड़की एवं सायको थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। निर्देशित किया गया कि जिले की सीमाओं एवं सुदूरवर्ती विद्यालयों के आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जानी चाहिए। उपायुक्त ने अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध अभियान चलाने के क्रम में वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी अंचल अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं मुखिया की उपस्थिति में ग्रामसभा की बैठक कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिये गये।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर