महापौर ने नगर निगम की 1398.97 लाख की लागत से 66 कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया

प्रयागराज, 13 मार्च (हि.स.)। महापौर गणेश केसरवानी ने जनमानस की सुविधाओं के दृष्टिगत नगर निगम प्रयागराज में समस्त 100 वार्डों में ऐतिहासिक रूप से एक साथ नाली-गली एवं सड़क मरम्मत हेतु 1398.97 लाख की लागत से कुल 66 निर्माण कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास नगर निगम के तुलसी उद्यान में किया। जिसे नगर निगम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया गया।

इस दौरान पार्षदगणों द्वारा महापौर के इस जनकल्याणकारी कार्यों पर अपने अनुभव को साझा करते हुए अपने-अपने विचारों को व्यक्त किया गया। उसके उपरान्त महापौर ने तुलसी उद्यान में फूलों की प्रदर्शनी का उद्घाटन कर फ्लावर शो के आयोजन का शुभारम्भ किया। प्रदर्शनी में फूलों की विभिन्न किस्में रख कर फ्लावर शो का आयोजन किया गया। महापौर ने बताया कि प्रथम बार नगर निगम में फूलों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। आने वाले आगामी वर्षों के मार्च माह में डॉग शो तथा फूलों की प्रदर्शनी का आयोजन नियमित रूप से करते हुए प्रतियोगिता आयोजित कर पुरस्कार वितरण का कार्य भी किया जाए।

कार्यक्रम का संचालन सचिव परिषद पी.के द्विवेदी ने किया। इस दौरान कार्याकारिणी उपाध्यक्ष सुनीता दरबारी, पार्षद राजू शुक्ला, शिव सेवक सिंह, किरन जयसवाल सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य एवं समस्त पार्षदगण तथा अपर नगर आयुक्त अरविन्द राय, मुख्य अभियन्ता सतीश कुमार, संजय कटियार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी, मुख्य नगर लेखा परीक्षक बालेन्दु मिश्र तथा समस्त अधिशाषी अभियन्ता, अवर अभियन्ता सहित अन्य अधिकारी तथा कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/मोहित

   

सम्बंधित खबर