शिक्षा से ही मनुष्य का सम्पूर्ण विकास सम्भव : पुष्पराज सिंह

जौनपुर,13 मार्च (हि.स.)। शिक्षा से ही मनुष्य का सम्पूर्ण विकास हो सकता है, उसकी दशा बदल सकती है।समाज में आज शिक्षा से हुए सुधार दिखने लगे हैं। शिक्षा से आम आदमी खास बन सकता है। उसे केवल शिक्षा के प्रति सच्चा लगाव होना चाहिए।

उक्त बातें बुधवार को जफराबाद कस्बे में स्थित श्री केपी पांडेय इंटर कालेज के वार्षिकोत्सव तथा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कही। इस दौरान विशिष्ट अतिथि डॉ मनोज वत्स, डॉ तेज सिंह ने भी सम्बोधित किया।

अतिथियों का प्रबंधक संजीव कुमार पांडेय, प्रधानाचार्य शंकराचार्य तिवारी, सन्दीप पांडेय आदि ने स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वांचल विश्वविद्यालय के डीन शिक्षा संकाय प्रोफेसर अजय दुबे तथा संचालन मंगलेश दुबे व उमाकांत गिरी ने किया। वार्षिकोत्सव के मौके पर कालेज के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती गीत, स्वागत गीत सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। अतिथियों ने कॉलेज के विभिन्न क्षेत्रों में प्रथम व द्वितीय आये छात्र-छात्राओं को शील्ड, बुक आदि देकर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर