श्री श्याम मंडल शुक्रवार को निकालेगा श्री श्याम निशान शोभायात्रा

खूंटी, 14 मार्च (हि.स.)। जिले में पहली बार श्री श्याम मंडल खूंटी के द्वारा शुक्रवार को जिला मुख्यालय में श्री श्याम निशान शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। अपराह्न तीन बजे से आयोजित निशान यात्रा की शुरुआत पिपराटोली स्थित श्री राम मंदिर से होगी। नगर भ्रमण करते हुए महादेव मंडा, कर्रा रोड में निशान अर्पण के साथ निशान यात्रा का समापन होगा। यह जानकारी संस्था के अध्यक्ष मुकुल पिपुरिया ने दी।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालु बाबा खाटू श्याम को एक खास झंडा चढ़ाते हैं, जिसे निशान कहा जाता है। इस ध्वज को भक्त मन्नत मांगने के दौरान या मन्नत पूरी होने के बाद अर्पित करते हैं।भक्तों द्वारा चढ़ाए गए कुछ निशानों पर नारियल और मोर पंख भी अंकित होता है। ऐसी मान्यता है कि इस निशान को चढ़ाने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सब कुछ कुशल मंगल रहता है। खाटू श्याम पर ध्वज चढ़ाने से पहले उनकी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। आजकल भक्त अपनी भक्ति दिखाने के लिए सोने-चांदी के बने निशान भी चढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि निशान यात्रा में शामिल होने के लिए कूपन की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु कूपन के लिए लेने अखिल सरावगी के मोबाइल 9122502437 एवं विशाल साहू के मोबाइल 7903382499 से संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर