सोशल मीडिया में वह शक्ति है, जिससे हमारा 400 पार का संकल्प होगाः सतीष उपाध्याय

उज्जैन, 14 मार्च (हि.स.)। राजनीति के क्षेत्र में अणुशक्ति का काम यदि कोई कर रहा है तो वह सोशल मीडिया है। सोशल मीडिया में वह शक्ति है जिससे भाजपा का 400 पार का संकल्प पूरा होगा। हमारी पार्टी के 400 पार के संकल्प को पूरा करने के लिए सोशल मीडिया से सशक्त कोई अन्य माध्यम नहीं है।

यह बात मप्र लोकसभा चुनाव सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने गुरुवार को उज्जैन-आलोट लोकसभा में सोशल मीडिया कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा दिया है। पार्टी के 400 पार के नारे को यदि कोई सिद्ध कर पाएगा तो वह आप सभी सोशल मीडिया के कार्यकर्तागण हैं। सोशल मीडिया व मोबाइल में वह शक्ति है, जिससे अभी कही गई बात को भारत के विभिन्न राज्यों में ही नहीं पूरे विश्व के किसी भी शहर में तत्काल पहुंचाया जा सकता है।

सरकार की उपलब्धियां बताने में करें उपयोग

उपाध्याय ने कहा कि आज का युग डिजिटल युग है और इस डिजिटल युग में सोशल मीडिया राजनीतिक कार्यकर्ताओं और खासतौर से भाजपा के तकनीकी विशेषज्ञ कार्यकर्ता इसका उपयोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और जन हितैषी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए करें।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी ने दिया। कार्यक्रम को लोकसभा के सह प्रभारी सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष व विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, तेज बहादुर सिंह चौहान, सतीश मालवीय, बहादुर सिंह बोरमुंडला, सोशल मीडिया सेल के प्रदेश संयोजक अभिषेक शर्मा ने भी संबोधित किया।

पार्टी के सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक प्रवास करें

सतीश उपाध्याय ने उज्जैन भाजपा कार्यालय में लोकसभा कोर कमेटी व नगर पदाधिकारी एवं मण्डल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पार्टी द्वारा प्रदेश में अनेक अभियान एवं कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। प्रदेश भर में बूथ विजय अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पार्टी के सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक प्रवास करें। यह अभियान 10 दिन प्रतिदिन 02 घंटे बूथ पर समयदान करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर 370 से अधिक वोट बढ़ाने का संकल्प लेकर मैदान में जुटें। उन्होंने कहा कि मोदी ने महिलाओं के विकास के लिए नारी शक्ति अधिनियम बनाकर 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ हमारी महिलाओं को आगे बढ़ने का काम किया है।

विपक्षी दल के नेता भारत को सिरमौर नहीं बनने देना चाहते

उपाध्याय ने कहा कि विपक्षी दलों के नेता लोग भारत को सिरमौर और समृद्ध नहीं बनने देना चाहते। इसीलिए भाजपा कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में प्राणपण से जुट जाएं और लोकसभा में पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत से जिताकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्य करें, ताकि विपक्ष को करारा जवाब मिल सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ में निवासरत सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता, बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों की बैठक कर आगामी चुनाव में प्रत्येक बूथ पर 370 वोट वृद्धि के लक्ष्य को रखना साथ ही अनुसूचित जाति अथवा जनजाति बस्ती में संपर्क कर भाजपा की रीति नीति से अवगत कराकर विचारधारा से जोड़ना प्रमुख है।

लोकसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ कर किया दीवार लेखन

सतीश उपाध्याय ने उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकसभा कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उपाध्याय ने वार्ड 40 के बूथ क्र. 78 पर दीवार लेखन कर प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार जैसे नारे दीवारों पर लिखे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर