इविवि प्रशासन के होली मनाने को प्रतिबंधित करने पर अभाविप ने किया विरोध प्रदर्शन

प्रयागराज, 16 मार्च (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय में होली मनाने पर लगाए गए प्रतिबंध के विरुद्ध छात्रसंघ भवन पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रतिबंध को 24 घण्टे के भीतर हटाने की बात कही है। अभाविप का कहना है कि भारतीय संस्कृति के वाहक भारतीय त्योहारों पर इस तरह से प्रतिबंध लगाए जाने का परिषद् विरोध करती है।

इविवि के इकाई अध्यक्ष आलोक त्रिपाठी ने कहा कि इविवि जैसे महत्वपूर्ण शैक्षिक संस्थान में होली जैसे त्योहार पर प्रतिबंध अभाविप कभी स्वीकार नहीं करेगी। इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा होली जैसे पावन त्योहार को मनाने पर प्रतिबंध तर्कहीन है तथा जारी की गई नोटिस में ’होली सम्बंधी हुड़दंग’ जैसे शब्दों का प्रयोग विश्वविद्यालय प्रशासन की कुत्सित मानसिकता को दर्शाती है। विश्वविद्यालय प्रशासन पुनः इस निर्णय पर विचार कर इसे हटाए अन्यथा अभाविप आंदोलन करने को बाध्य होगी।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इविवि इकाई मंत्री आयुष्मान चौहान ने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षाओं के नाम पर होली को कैम्पस में बैन किया जाना बिल्कुल भी तर्कसंगत नहींं है। भारत जैसा देश जो अपनी विशिष्ट संस्कृति के लिए जानी जाती है, वहां ऐसे तुगलकी फरमान जारी कर होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर प्रतिबंध बिल्कुल भी उचित नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर