आसपास बारिश से मौसम में लौटी ठंडक

पलामू, 19 मार्च (हि.स.)। दिनभर बादलों के छाए रहने और पलामू से सटे इलाके में बारिश होने के कारण जिले के मौसम में ठंड का एहसास हो रहा है। मंगलवार दोपहर बाद से ठंडी हवा चल रही है, जिससे पांच डिग्री तक अधिकतम तापमान गिर गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जबकि मंगलवार को 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बात न्यूनतम तापमान की की जाए तो इसमें एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। सोमवार को 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जबकि मंगलवार को मिनिमम टेंपरेचर 18. 7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 21 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। 22 के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा है कि झारखंड में मौसम का जो सिस्टम फिलहाल बना हुआ है। उसका व्यापक असर देखने को मिला है। एक चक्रवर्ती लहर है जो बंगाल की खाड़ी से नमी ला रहा है। इसके साथ ही एक टर्फ झारखंड से लेकर तटीय आंध्र प्रदेश तक बना हुआ है। इसका भी असर झारखंड के मौसम में देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। साथ ही गर्जन के साथ वज्रपात देखने को मिल रहा है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 20 मार्च को पश्चिमी और दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। गर्जन वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए इस दौरान लोगों को सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की गई है। साथ ही किसानों से कहा गया है कि वह मौसम साफ होने पर ही खेतों में जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर