फिरोजाबाद में 18 लाख से अधिक मतदाता चुनेंगे अपना सांसद

फिरोजाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। फिरोजाबाद लोकसभा सीट के लिए तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा। इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस लोकसभा सीट पर पांच विधानसभाओं में 18 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपना पसंदीदा सांसद चुनेंगे।

लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 07 मई को मतदान होगा। ऐसे में जिला प्रशासन ने नामांकन से लेकर मतगणना तक की सभी तैयारियां शुरू कर दी। फिरोजाबाद लोकसभा में पांच विधानसभा है। इनमें फिरोजाबाद सदर व टूंडला विधानसभा पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों का कब्जा है, जबकि बाकी तीन शिकोहाबाद, सिरसागंज व जसराना विधानसभा पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है।

फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर वर्तमान में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। इस सीट से डा. चंद्रसेन जादौन सांसद है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के पुत्र सपा उम्मीदवार अक्षय यादव को पराजित किया था। तीसरे नम्बर पर प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव रहे थे जो वर्तमान में सपा के साथ है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर सपा ने अक्षय यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा, बसपा सहित अन्य दलों ने अभी तक अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। कांग्रेस का सपा से गठबंधन है।

कुल मतदाताओं की संख्या

फिरोजाबाद लोकसभा के लिए कुल पुरुष मतदाता की संख्या 10 लाख 6 हजार 673 है। महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 74 हजार 730 है और किन्नर मतदाताओं की संख्या 102 है। इस प्रकार लोकसभा के कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 81 हजार 505 है।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/दीपक/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर