आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन का प्रयास, पुलिस ने रोका

लखनऊ, 22 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को परिवर्तन चौक पर एकत्रित हो कर प्रदर्शन करने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों से संख्या में कम रहे पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू ही की, तभी उन्हें हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शन करने आये कार्यकर्ताओं के विरुद्ध पुलिसकर्मियों की सक्रियता देखते हुए कुछ कार्यकर्ता मौके से भाग निकले।

परिवर्तन चौक पर एकत्रित होकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के पक्ष में प्रदर्शन करने की घोषणा आम आदमी पार्टी के लखनऊ के पदाधिकारियों ने की थी। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही शहर के तीन थाना क्षेत्रों के पुलिसकर्मियों की परिवर्तन चौक के चारों ओर तैनाती कर दी गयी। जैसे ही एक बजे के करीब कार्यकर्ता परिवर्तन चौक पहुंचे और कुछ करने की स्थिति में आते उसके पहले ही पुलिसकर्मी उनकी ओर बढ़ चले।

हिरासत में लिये जाने पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी को गलत बताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को व्रज वाहन में भरकर इको गार्डन की ओर भेज दिया गया। वहीं, प्रदर्शनकारियों पर मुकदमा दर्ज करने की भी कवायद तेज हो गई। प्रदर्शनकारियों पर शहर में धारा 144 लागू होने के कारण उसके उल्लंघन का भी मामला जुड़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर