घर से खेलने निकली दो बच्चियां गायब, पुलिस दोनों की तलाश में जुटी

औरैया, 22 मार्च (हि.स.)। जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में दो बच्चियां घर से खेलने के लिए निकली, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं हुई। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। अचानक बच्चियों के गायब होने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

दौलतपुर गांव निवासी अवधेश की 10 वर्षीय पुत्री मीनाक्षी गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती है। उसके साथ गाँव के ही अवधेश की 11 वर्षीय पुत्री पायल उसी विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा है। गायब हुई दोनों बच्चियों की माताओं ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को घर से दोनों विद्यालय गई। दोनों छुट्टी के बाद घर वापस लौटी। घर आने के बाद दोनों बच्चियां साथ-साथ खेलने के लिए घर से गांव में चली गई। देर रात्रि तक जब दोनों घर नहीं आई तो परिजनों को चिन्ता हुई। गांव में आस पास तलाश किया गया लेकिन उनकी कोई जानकारी नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शुक्रवार की दोपहर को एसपी चारु निगम गांव पहुंची और दोनों बच्चियों के परिजनों से जानकारी की।

गायब हुई बच्चियों की माताओं ने बताया कि गाँव में हमारी किसी से दुश्मनी नहीं है और किसी पर कोई शक भी नहीं है। परिजन खुद भी कुछ समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर खेलते खेलते दोनों बच्चियां कहां चली गई। गाँव से कोई सार्वजनिक परिवहन के साधन भी नहीं चलते हैं कि वे किसी सार्वजनिक परिवहन से कहीं चली गई हों। बच्चियों का यूँ अचानक खेलते खेलते गायब हो जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। गाँव में लोग तरह तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

इस मामले में एसपी चारु निगम ने बताया कि परिजनों से गायब बच्चियों के बारे में सभी जानकारी ले ली गई है। छात्रा पायल अपने एक भाई व पांच बहनों में तीसरे नम्बर की है। वही मीनाक्षी की एक बड़ी बहन है।तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों बच्चियों की गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार /सुनील/मोहित

   

सम्बंधित खबर