भाजपा विकास, जन कल्याण के बल पर हासिल करेगी 400 का लक्ष्य: प्रहलाद सिंह पटेल

मऊगंज, 22 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा इस लोकसभा चुनाव में विकास और जनकल्याण के बल पर 400 पार का लक्ष्य प्राप्त करेगी। भाजपा रीवा लोकसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी। पिछले विधानसभा चुनाव में जिन मतदान केंद्रों पर पार्टी को हार मिली हो या कम मत प्राप्त हुए हों, उन बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को और अधिक मेहनत करऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए कार्य करें।

यह बात प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शुक्रवार को मऊगंज जिले में पार्टी के नवीन जिला कार्यलय और लोकसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करने के अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक गिरीश गौतम, सांसद व रीवा लोकसभा प्रत्याशी जर्नादन मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के समक्ष अल्पसंख्यक समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

मंत्री पटेल ने कहा कि देश में पहली बार 10 वर्षों की मोदी सरकार पर कोई भी आरोप नहीं है। भाजपा अपने कामों के बल पर गरीब कल्याण और विकास के माध्यम से देश में 400 पार का लक्ष्य पूरा करने जा रही है। पूरे देश में भाजपा के लिए अनुकूल स्थिति है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता का अटूट विश्वास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जहां अधिक मतदान होगा, वहां पार्टी को अधिक मतों से जीत मिलेगी। इसलिए आप सभी कार्यकर्ता हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के साथ रीवा लोकसभा प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने के लिए कार्य करें।

पूजा-अर्चना कर किया कार्यालय का शुभारंभ

प्रहलाद सिंह पटेल ने मऊगंज जिले के पार्टी के नवीन जिला कार्यालय का विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया। मंत्री पटेल और लोकसभा प्रत्याशी जर्नादन मिश्रा ने मऊगंज जिला अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा को पदभार भी ग्रहण कराया।

अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

मऊगंज में पार्टी कार्यालय शुभारंभ के अवसर पर मंत्री प्रहलाद पटेल के समक्ष मोहम्मद आरिफ अजीज, मोहम्मद अच्छेलाल शाह, के. शहीद अफरीदी, मोहम्मद फैज सहित बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री पटेल ने पार्टी में शामिल होने वालों को अंग वस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर