कांग्रेस अध्यक्ष बोले-धामी सरकार का दो साल का कार्यकाल विफलताओं से भरा

देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस ने धामी सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को विफल बताते हुए कहा कि भाजपा की ओर से राज्य सरकार की उपलब्धियों का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, लेकिन यह सच्चाई से इतर है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने राज्य की भाजपा सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर एक जारी बयान में कहा कि धामी सरकार की कोई ऐसी उपलब्धि नहीं है, जिस पर राज्यवासियों को गर्व हो सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में केवल महिलाओं,युवाओं, किसानों,गरीबों का उत्पीड़न करने,जनता को धर्म के नाम पर गुमराह करने और मंहगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ाने के अलावा कोई भी ऐसा काम नहीं किया है। राज्य में हत्या,चोरी, डकैती,मासूमों से बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कई विभागों में हुए भर्ती घोटालों सहित कई गड़बड़ियां हुई हैं।

धामी सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था नियंत्रण से बाहर है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष एस.राजू की ओर से अपने त्यागपत्र में आरोपित घोटाले में लिप्त सफेदपोश नेता कौन है, इस पर भाजपा सरकार अभी तक मौन है। भर्ती घोटालों में आरोपित हाकम सिंह किस पार्टी का पदाधिकारी है और हरिद्वार के संजय धारीवाल व नितिन चौहान मण्डल अध्यक्ष व महामंत्री हैं,इससे स्पष्ट है कि दो साल के कार्यकाल में सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार का उद्योग फल-फूल रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में बेरोजगारों की फौज में रोज इजाफा हो रहा है और रोजगार मांगने पर बेरोजगारों पर निर्मम लाठीचार्ज हुए। मलिन बस्तियों के विनियमितीकरण की सरकार कोई नीति नहीं बना पाई। इन दो वर्षों में राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ध्वस्त रही और महिलाएं शौचालयों में प्रसव को मजबूर होती रही।

उन्होंने कहा कि जोशीमठ त्रासदी के प्रभावित परिवार सरकार से विस्थापन की मांग करते रहे, लेकिन राज्य की धामी सरकार आपदा पीड़ितों के विस्थापन और पुर्ननिर्माण के लिए ठोस निर्णय लेने में विफल साबित हुई। प्रदेश में शराब माफिया और खनन माफिया हावी है। सरकारी संरक्षण में शराब की तस्करी और खनन में हो रहे भ्रष्टाचार के कारण सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है। गन्ना किसानों का पिछला बकाया भुगतान तो सरकार नहीं कर पाई है,नई फसल के समर्थन मूल्य में भी कोई वृद्धि नहीं कर किसानों का शोषण किया गया। पानी,बिजली के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी कर आम आदमी पर लगातार महंगाई का बोझ डाला गया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर