भारतीय समाज में होली एकता का पर्व : शिवकुमार पाल

-कान्हा ने राधा और गोपियों संग खेली थी होली : बांके बिहारी पांडेय

प्रयागराज, 23 मार्च (हि.स.)। विद्या भारती से सम्बद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर में होली का पर्व रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। प्रबंधक शिवकुमार पाल ने कहा कि भारतीय समाज में होली एकता का पर्व है। जिसमें सभी नर-नारी, बच्चे, बुजुर्ग जाति और वर्ण के भेद भुलाकर इस पर्व को बड़े उत्साह और उल्लास से मनाते हैं।

प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय के मार्गदर्शन तथा विद्यालय के प्रबंधक एवं पूर्व शासकीय अधिवक्ता शिवकुमार पाल की अध्यक्षता में हुआ। प्रबंधक ने कहा कि होलिकोत्सव का आरम्भ प्रमुख रुप से होलिका दहन से शुरु होता है। अगले दिन अर्थात् चैत्र माह कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा को धुरेड़ी मनाई जाती है। भारत के कईं भागों में उत्सव का यह सिलसिला चैत्र कृष्ण पंचमी को रंगपंचमी तक चलता है।

प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय ने बताया कि चैत्र कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि को कान्हा ने राधा और गोपियों के साथ रंगों से होली खेली। माना जाता है कि इसी घटना के बाद से होली पर रंग खेलने की परम्परा शुरू हो गई। होली पर्व से जुड़ी एक और कथा मिलती है। जिसके अनुसार भगवान शिव के श्राप के कारण धुण्डी नामक राक्षसी को पृथ्वी के लोगों ने इस दिन भगा दिया था।

इस अवसर पर विद्यालय के संगीताचार्य मनोज गुप्ता के निर्देशन में शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने होली गीतों से सबको फागुन के रंग में सराबोर कर दिया। होली गीतों की प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। समस्त गीतों पर विद्यालय के छात्र उमंग गुप्ता ने तबले पर एवं कर्मचारी मनोज कुमार ने ढोलक पर साथ देकर भव्यता प्रदान की। संचालन सत्य प्रकाश पांडे ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर