मुख्यमंत्री साय ने भूपेश बघेल को बताया भ्रष्टाचार का सरगना

मुख्यमंत्री साय ने भूपेश बघेल को बताया भ्रष्टाचार का सरगना

कांकेर/रायपुर, 23 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के लिए इससे बड़े शर्म की बात और क्या हो सकती है कि भूपेश बघेल जो पांच साल मुख्यमंत्री रहे ,उन पर महादेव एप से 508 करोड़ का प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा है। यह कहते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्गकोंदल की सभा में शनिवार को भूपेश बघेल पर एक बार फिर से निशाना साधा है। उन्होंने बघेल को भ्रष्टाचार का सरगना बताया और कहा कि पांच साल के शासन में भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को लूटा और यहां की जनता से धोखा किया। अपने 36 में से एक भी वादे को ठीक से पूरा नहीं किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को दुर्गकोंदल की जनता से डबल इंजन सरकार बनाने के लिए दिल्ली में एक बार मोदी सरकार को लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल को कमल छाप पर बटन दबाइये, भाजपा उम्मीदवार भोजराज नाग को जिताइये और दिल्ली भेजकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाइये। कांकेर लोकसभा की जनता ने पिछली बार भी भाजपा का सांसद चुना था, इस बार भी भाजपा का सांसद बनाइये और कांग्रेस को सबक सिखाना है। मोदी को प्रदेश की पूरी 11 की 11 सीटें देना है।

साय ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों से हम 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीदेंगे और 15 दिनों तक ख़रीदेंगे। पूर्व में भाजपा सरकार द्वारा संचालित चरण पादुका योजना फिर से लागू की जाएगी। कांकेर क्षेत्र के द्रुत गति के विकास के लिए हमें डबल इंजन की सरकार बनाना है।

संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री साय ने उपस्थित लोगों से भाजपा को वोट देकर भोजराज नाग को जिताने की अपील की और जय बूढ़ादेव, जय छत्तीसगढ़ का उद्घोष कर सभा को समाप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर