आगरमालवा: ट्रेक्टर चालक सहित कुएं में गिरा, हुई मौत

आगरमालवा, 23 मार्च (हि.स.)। आगरमालवा जिले में शनिवार शाम एक युवक ट्रेक्टर सहित कुएं में जा गिरा जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सोयतकलां पुलिस थानान्तर्गत ग्राम गुराड़ीबंगला में शनिवार शाम कुएं के पास मुरम खाली कर रहा युवक ट्रैक्टर ट्राली को पीछे लेते वक्त ट्रैक्टर ट्रॉली सहित कुएं में जा गिरा। जिससे उसकी कुएं में ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी यशवंतराव गायकवाड सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे व शव को ग्रामीणों की मदद से बहार निकालकर पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोयतकलां लाये। सोयतकलां पुलिस थाना प्रभारी यशवंतराव गायकवाड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम गुराड़ीबंगला गांव में ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए सार्वजनिक कुएं का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान मुरम खाली करने गया युवक सजन पिता कालूसिंह सोंधिया उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम ढोलाखेड़ी ट्रैक्टर ट्राली को पीछे लेते वक्त अचानक कुएं में जा गिरा। जिससे उसकी कुएं मे ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंचे व शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। मृतक युवक का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा। ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक सजन 4 भाई थे। जिसमें सजन सबसे छोटा था। सजन की अभी एक 3 साल की लड़की है तथा उसकी पत्नी 8 माह की गर्भवती है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।।

हिन्दुस्थान समाचार/रीतेश शर्मा

   

सम्बंधित खबर