घर वापसी के बाद चित्तौड़ में हुआ भव्य स्वागत, आक्या बोले सीपी जोशी को जीताएंगे

चित्तौड़गढ़, 24 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में हुए निष्कासन के बाद विधायक चंद्रभानसिंह आक्या की टीम की फिर से शनिवार को पार्टी में वापसी हुई है। विधायक चंद्रभानसिंह और उनकी टीम रविवार को चित्तौड़गढ़ पहुंची। यहां गंगरार टोल प्लाजा से शहर में विभिन्न मार्गों तक विधायक आक्या और टीम का स्वागत किया गया।

मीडिया से बातचीत में विधायक आक्या ने पीएम नरेंद्र मोदी के आव्हान पर अबकी बार 400 पार के सपने को पूरा करने तथा चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में सीपी जोशी को वोट देने की बात कही। जानकारी में सामने आया कि विधानसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद विधायक आक्या ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इसके चलते उनके समर्थकों को भी भाजपा से निष्कासित कर दिया था। करीब एक सप्ताह पूर्व सीएम भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी व विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की मुलाकात हुई थी। इसमें महत्वपूर्ण भूमिका भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीचंद कृपलानी ने निभाई थी। इस दौरान आक्या ने भाजपा को समर्थन दिया था। इसके बाद से निष्कासित टीम के भी भाजपा में शामिल होने की सुगबुगाहट तेज हो गई। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में टीम आक्या के 16 पदाधिकारियों की भाजपा में वापसी हुई। इसके बाद विधायक चंद्रभानसिंह आक्या और उनकी पूरी टीम रविवार को चित्तौड़गढ़ पहुंची। यहां गंगरार टोल नाके से चित्तौड़गढ़ जिले में प्रवेश के साथ ही विधायक का स्वागत किया गया। चित्तौड़गढ़ शहर में पहुंचने से पहले मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत हुआ। कलक्टर चौराहे पर भी सैकड़ो की संख्या में विधायक आक्या के समर्थक एवं भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कलक्ट्रेट चौराहे पर स्वागत के बाद सभी शहर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक भाजपा का काम किया है। पार्टी जो चित्तौड़गढ़ जिले एवं विधानसभा क्षेत्र में खड़ी हुई है उसमें सभी लोगों और कार्यकर्ताओं का सहयोग है। इसीलिए हम पार्टी से जुड़े हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 400 सीटें लाएंगे और चित्तौड़गढ़ से सीपी जोशी को 10 लाख वोट से जिताएंगे। देश में 400 सीट लाकर और सीपी जोशी को जीता कर चित्तौड़गढ़ का ज्यादा से ज्यादा विकास करवाएंगे। इधर, पार्टी में लौटे पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट ने कहा कि इस बार देश में भाजपा की 400 से ज्यादा सीट लेकर आएंगे तथा चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में एक रिकॉर्ड कायम करते हुए सीपी जोशी को 11 लाख वोटो से जीतायेंगे। पार्टी में वापसी के सवाल पर जाट ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में खुशी है सभी के मन में। सीपी जोशी समर्थकों के रैली में नहीं आने के सवाल पर जाट ने कहा कि हम किसी की बात नहीं करते। हम सब भाजपा का परिवार हैं और हम सभी मिल लोग मिल कर 400 पर का जो लक्ष्य है, उसे पूरा करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/अखिल/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर