उप्र के पश्चिमी इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी की संभावना

कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम इन दिनों बराबर बदलाव देखा जा रहा है और रविवार को भी आसमान में बादल छाये रहे। जिससे रात का तापमान गिर गया और दिन का लगभग सामान्य रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही मेघ गर्जन और बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि एक ट्रफ व हवा का विच्छेदन उत्तरी केरल से विदर्भ तक फैला हुआ है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 26 मार्च की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। एक और पश्चिमी विक्षोभ 29 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम की इन गतिविधियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मौसम में अभी तीन से चार दिन बदलाव की स्थिति बनी रहेगी। मध्य और पूर्वी क्षेत्र में जहां बादलों की आवाजाही से तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा तो वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 66 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 35 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 4.3 किमी प्रति घंटा रही।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों मे हल्के से मध्यम बादलों किए आवाजाही एवं उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति औसत से अधिक रहने के आसार हैं, किन्तु वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर