छतरपुरः प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, होली मिलन के लिए बुलाया और मार दी गोली

छतरपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के छतरपुर नगर में धुलेंडी के दिन एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपितों ने होली मिलन के बहाने फोन लगाकर उसे बुलाया। फिर गले लगाया और पीछे से सिर और कनपटी में गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आकाश यादव नाम के व्यक्ति पर गोली मारने का आरोप है। हत्या का कारण जमीन का विवाद बताया जा रहा है।

घटना छतरपुर के महोबा रोड पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे के करीब हुई। मृतक का नाम हरिओम शुक्ला है। वह प्रॉपर्टी डीलर था। बताया जा रहा है कि अभिषेक परिहार और आकाश यादव ने हरिओम को फोन लगाया। कहा कि अब अपना समझौता हो गया है। आओ मिलकर साथ में होली मनाते हैं। हरिओम वहां पहुंचा तो आरोपितों ने उसे गले लगाया और गोली मार दी। पहली गोली गर्दन के पीछे सिर में लगी और दूसरी गोली कनपटी पर। इससे हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात की सूचना मिलते ही एसपी अगम जैन, एएसपी विक्रम सिंह और सीएसपी अमित मिश्रा समेत सिटी कोतवाली, ओरछा थाना, सिविल लाइन, यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से चार बाइक और एक जिप्सी कार जब्त की है। एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि गन शॉट से हरिओम शुक्ला की मौत हुई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। सिटी कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

मृतक हरिओम शुक्ला के भाई दीपक शुक्ला ने आरोप लगाया कि आकाश यादव ने गोली चलाई, जिससे हरिओम की मौत हुई। दीपक के अनुसार आरोपितों ने पहले भी उनके घर पर गोली चलवाई थी। जिसकी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन आरोपी भाजपा नेता होने के कारण पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर