पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अभी भी अडिग हैं पप्पू यादव

26 अप्रैल को पूर्णिया में कांग्रेस के झंडे को स्थापित करेगी जनता : पप्पू यादव

पटना, 29 मार्च (हि.स.)। पूर्णिया में महागठबंधन का टिकट पाने से वंचित होने के बाद भी कांग्रेस पार्टी के नेता सह पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने हार नहीं मानी है। आज महागठबंधन में सीटों के बंटवारे की घोषणा के बाद पप्पू यादव ने कहा कि उनका सपना बिहार के सभी 40 सीटों पर कांग्रेस का झंडा बुलंद करना है और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनते देखना है। चार अप्रैल को पप्पू पूर्णिया से कांग्रेस के सिंबल पर नामांकन करेंगे।

पप्पू यादव ने शुक्रवार को पूर्णिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि लोकसभा चुनाव-2024 के परिणाम में पूर्णिया लोकसभा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस का ही झंडा लहराएगा। जनता ने कांग्रेस पार्टी का झंडा मेरे हाथों में दे दिया है। जनता ही 26 अप्रैल को पूर्णिया में कांग्रेस पार्टी के झंडे को स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि देश पहले और पार्टी बाद में है। हमारे सर्वमान्य नेता ने देश के लिए बड़े लेवल पर इंडिया एलियांस का संकल्प लिया है, जिसका मकसद है देश विरोधी नरेन्द्र मोदी की सरकार को सत्ता से बाहर करना। इसमें हमारा सहयोग बना रहेगा। साथ ही कहा कि उनका संकल्प जनता की भावनाओं के साथ खड़े रहकर राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर