नए फाइनेंशियल ईयर से सड़क पर वाहनों का सफर महंगा, बढ़ेगी टोल की दरें

जयपुर, 31 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में नए फाइनेंशियल ईयर यानी एक अप्रैल से सड़क पर सफर महंगा होने जा रहा है। नेशनल हाईवे और स्टेट हाइवे पर टोल टैक्स बढ़ा दिया गया है। ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले जनता को बड़ा झटका लगा है। अनुबंध शर्तों के मुताबिक टोल दरों में 10 से 30 रुपए तक की वृद्धि की गई है। टोल टैक्स की नई दरें मध्य रात्रि से लागू होंगी। जयपुर से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सफर के साथ ही अन्य टोल प्लाजा पर भी गाड़ी से जाना महंगा हो जाएगा।

सरकार ने टैक्स में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। अनुबंध शर्तों के मुताबिक टोल दरों में 10 से 30 रुपए तक वृद्धि की गई है। कार व जीप पर 10 रुपए, ट्रक-बस पर 20 रुपए, भारी वाहन पर 30 रुपए तक की वृद्धि की गई है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से प्रस्ताव मंजूरी के बाद आज मध्यरात्रि 12 बजे से टोल की बढ़ी दर लागू होंगी। ऐसे में अब हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को नई टोल दरों के मुताबिक टोल चुकाना होगा। राजस्थान में नेशनल हाईवे के कुल 95 टोल प्लाजा है। जिनमें से जयपुर-सीकर, मनोहरपुर-दौसा, जयपुर-दिल्ली, सालासर से नागौर, राजगढ़ से हरियाणा सीमा, जयपुर रिंग रोड सहित 30 से अधिक टोल प्लाजा पर मध्य रात्रि से रेट बढ़ जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के 50 से ज्यादा टोल प्लाजा पर एक जुलाई और एक सितंबर से टोल की दर बढ़ेंगी।

प्रदेश के स्टेट हाईवे पर भी सफर करना महंगा हो जाएगा। इसको लेकर टोल प्रशासन ने टोल प्लाजा बूथों पर एक अप्रैल से लागू की जाने वाली टोल दरों की सूची भी चस्पां कर दी है। साथ ही मासिक पास की दरों में भी बढ़ोतरी होगी। जानकारी के मुताबिक स्टेट हाईवे पर सार्वजनिक निर्माण विभाग ने वाणिज्यिक कार की टोल दरों में 5 रुपए, भारी व ओवर साइज वाहनों की दरों में 5 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। वाहनों के मासिक पास की दरों में 25 रुपए से लेकर 100 रुपए तक की राशि बढ़ाई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर