शिवपुरी: जो लोग सोचते हैं कि दलबदल कर वापस राज कर सकते हैं उनका भ्रम मिटाना है- जयवर्धन सिंह

- कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा

- शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के लिए आए कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने पत्रकारों से कही बात

शिवपुरी, 2 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के लिए आए जयवर्धन सिंह ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि इस बार जनता चाहती है कि जो लोग सोचते हैं कि दलबदल कर वापस राज कर सकते हैं तो उनका यह भ्रम मिटाना है। कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने यह बात शिवपुरी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहीं। जयवर्धन सिंह को गुना संसदीय क्षेत्र का कांग्रेस द्वारा पार्टी प्रभारी बनाया गया है। पार्टी प्रभारी के नाते उन्होंने शिवपुरी व पिछोर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस बैठक में गुना शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी बनाए गए राव यादवेंद्र सिंह यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। इस बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर निशाना साधा।

शिवपुरी में पत्रकारों से चर्चा में कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस का मानना है कि यहां पर स्थानीय नेता को सांसद का टिकट दिया जाना चाहिए इसलिए यहां पर स्थानीय नेता के रूप में राव यादवेंद्र सिंह को टिकट दिया गया है। स्थानीय कार्यकर्ताओं की यह मांग थी और कांग्रेस ने स्थानीय नेता को तरजीह देते हुए टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि अब हमें उम्मीद है कि आने वाले चुनाव परिणाम में हमें इसका अच्छा फल मिलेगा।

14 से 15 सीटें जीतने का किया दावा

शिवपुरी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने उम्मीद जताते हुए कहा कि इस बार मध्य प्रदेश में कांग्रेस 14 से 15 सीटें जीतेगी। कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम पर नजर डाली जाए तो हमारा आदिवासी बेल्ट में अच्छा परफॉर्मेंस रहा है और उम्मीद है कि यह परफॉर्मेंस आगे भी जारी रहेगा और लोकसभा चुनाव के दौरान 14 से 15 सीटें मध्य प्रदेश में कांग्रेस जीत सकती है।

हिंदुस्थान समाचार/ रंजीत गुप्ता/नेहा

   

सम्बंधित खबर