प्रयागराज मंडल ने माल ढुलाई में कीर्तमान स्थापित किया

--लक्ष्य से 3.1 फीसदी अधिक एवं गत वर्ष से 18.12 फीसदी अधिक

--27195 क्रैक ट्रेनें परिचालित गत वर्ष से 138.95 फीसदी अधिक

प्रयागराज, 02 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज मंडल में मालभाड़ा परिवहन की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। मालभाड़ा परिवहन में शानदार प्रदर्शन करते हुए वित्तीय वर्ष 2023-24 में नए कीर्तमान स्थापित किए हैं। परिवहन के क्षेत्र में अच्छी सेवाएं उपलब्ध कराने से मंडल में माल ढुलाई के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं।

यह जानकारी देते हुए जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 8.042 मिलियन टन की लोडिंग की, जो 7.80 मिलियन टन लोडिंग के लक्ष्य से 3.1 फीसदी अधिक है और वित्तीय वर्ष 2022-23 की लोडिंग 6.808 मिलियन टन से 18.12 फीसदी अधिक है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2103 लॉन्ग हॉल ट्रेनें चलाकर परिचालन क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित किया है, जो गत वित्तीय वर्ष से 193.71 फीसदी अधिक है। मंडल ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में दोगुने से अधिक 27195 क्रैक ट्रेनें (विस्तारित क्रू रन) परिचालित की हैं, जो अब तक का उत्कृष्ट प्रदर्शन है।

प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में 31 मार्च 2024 को 88.80 प्रतिशत की समयपालनता हासिल की है। यह मार्च 2023 की समयपालनता 64.6 प्रतिशत से 14.6 फीसदी अधिक है। मंडल ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 458.3 ट्रेनें प्रतिदिन परिचालित की, जबकि वित्तीय वर्ष 2022-23 में 426.7 ट्रेनें प्रति दिन परिचालित की थीं। यह गत वित्तीय वर्ष से 7.40 फीसदी अधिक है। प्रयागराज मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में 7049 वैगन प्रतिदिन की अब तक की सबसे अच्छी लोडेड रसीद हासिल की गयी है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में यह 6628 वैगन प्रतिदिन था।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/आकाश

   

सम्बंधित खबर