शीतला माता के मेले में महिला गेरों ने मचाई धूम : चंग की थाप पर गायन करती आई महिलाएं

जोधपुर, 3 अप्रैल (हि.स.)। नागौरी गेट कागा स्थित शीतला माता के मंदिर में चल रहे मेले में बुधवार को महिला गेरों ने धूम मचाई। यहां आज अलग-अलग स्थानों से महिलाओं की गेर पहुंची। इसमें चंग की थाप पर गायन करती हुई महिलाएं मंदिर में पहुंची। महिलाओं की गेर को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।

कागा तीर्थ स्थित शीतला माता मंदिर में बुधवार को भी दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। मंगलवार को पुरुषों की गेरों ने शीतला माता मंदिर में धोक लगाइ थी। पुरुष पैरों में घुंघरू और हाथों में लकडिय़ां लिए नाचते गाते मंदिर परिसर तक पहुंचे थे। वहीं बुधवार को शीतला माता मंदिर में महिलाओं की गेर आए। इसमें महिलाओं की टीम चांदपोल क्रिया का झालरा से गेर लेकर आई वहीं एक अन्य महिला गेर राम मोहल्ला से पहुंची। इसी तरह शिव मंडली मंडोर द्वारा भाी महिला गेर का आयोजन किया गया। फाल्गुण गीत गाते हुआ महिलाएं यहां पहुंची। यह महिला गेरें नाचती-गाती शीतला माता मंदिर पहुंचकर विसर्जित हुई। यहां मंदिर ट्रस्ट की ओर से इन महिलाओं का स्वागत किया गया।

मेला स्थल पर बच्चों और महिलाओं ने झूलों का लुत्फ उठाया। यहां श्रंगार व खिलौने की अनेक स्टॉल्स पर भी भीड़ नजर आई। मान्यतानुसार शीतला माता व ओरीजी के प्रसाद का भोग लगा यहां छतरियों में बैठकर प्रसाद का सेवन किया। मेले में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि के लिहाज से चंग व लकडिय़ां आदि छतरियों में जमा करने की व्यवस्था कर रखी थी। इधर नगर निगम ने सफाई व स्वच्छता का जिम्मा संभाल रखा था। वहीं स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से पेयजल टैंकर भी खड़े किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप

   

सम्बंधित खबर