घोसी लोकसभा से एनडीए प्रत्याशी अरविंद राजभर ने भाजपा कार्यकर्ताओं से मांगी माफी

मऊ, 05 अप्रैल (हि.स.)। नगर क्षेत्र के एक प्लाजा में बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के पुत्र व घोसी लोकसभा से गठबंधन प्रत्याशी अरविंद राजभर से माफी मंगवाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

बताते चलें कि ओमप्रकाश राजभर के मंत्रिमंडल में शामिल होने से पूर्व उनके पुत्र व घोसी सीट से एनडीए प्रत्याशी अरविंद राजभर ने भाजपा कार्यकर्ताओं के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी। आरोप ऐसे भी लगते रहे की टिकट मिलने के बाद भी भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे थे। नाराजगी की भनक जैसी ही पार्टी में लगी तो लखनऊ से लेकर दिल्ली तक के नेताओं ने इसको गंभीरता लिया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को गुरुवार को मऊ के दौरे पर भेजा गया। जहां पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद व समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के महत्वपूर्ण सारे कार्यकर्ता व नेतागण मौजूद थे। इस बैठक में ब्रजेश पाठक ने मंच से उतर कर हाथ में माइक लेकर अरविंद राजभर को दिल से आशीर्वाद देने के लिए व क्षमा करने के लिए सभा में सबसे अस्वस्थ करवाया और प्रत्याशी अरविंद राजभर को बुलाकर सबके सामने दंडवत झुक कर प्रणाम करने को कहा। कार्यकर्ताओं ने अरविंद राजभर के द्वारा माफी मांगने के बाद जय श्री राम का जयघोष लगाकर गिले शिकवे दूर किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल ने बताया कि कार्यकर्ता अरविंद राजभर के उपेक्षात्मक रवैया से नाराज थे। इस वजह से चुनाव के प्रति भी कार्यकर्ताओं का जोश देखने को नहीं मिल रहा था। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पूरे प्रकरण का पटाक्षेप कर दिया है। अब कार्यकर्ता जी-जान से लगकर प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करेंगे और बड़ी जीत दिलाने का काम करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण/मोहित

   

सम्बंधित खबर