अपहरण के बाद नाबालिग से दुराचार, दो के खिलाफ केस दर्ज, आरोपित फरार

हरिद्वार, 5 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मंगलौर कोतवाली में अपहरण के बाद किशोरी से दुराचार व मारपीट करने की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों आरोपित गांव से फरार हो गए हैं, लेकिन पुलिस उन्हें तलाश रही है।

जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 1 अप्रैल को शाम करीब सात बजे उसकी 12 वर्षीय पुत्री गांव में ही अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। तभी पहले से ही घात लगाए बैठे दो आरोपितों ने मौका पाकर उसकी पुत्री का अपहरण कर लिया और पास हीे के एक मकान में ले गए। उसने आरोप लगाया कि एक आरोपित ने किशोरी से मारपीट कर उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा आरोपित ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया। आरोप है कि किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता रातभर घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने संभावित स्थानों पर तलाश की। तहरीर पीड़िता के पिता ने कहा कि लोगों ने बताया कि उनकी पुत्री को गांव के उस मकान के आसपास देखा गया था। जब वह वहां पर पहुंचा तो मकान के ऊपरी भाग का कमरा बाहर से बंद था। कमरा खोलते ही देखा कि उसकी पुत्री बदहवास अवस्था में पड़ी थी और आरोपित भी वहां मौजूद था। आरोपित उसे देखकर वहां से भाग गया। पीड़िता को सरकारी चिकित्सालय में पहुंचाया।

प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अजय उर्फ झोझा व छांगा के खिलाफ अपहरण, दुराचार और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस आरोपितों को तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सुनील

   

सम्बंधित खबर