अपराधी, माफिया, दंगाई सपा के हैं घरजमाई : ब्रजलाल

लखनऊ, 05 अप्रैल(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राज्यसभा सदस्य ब्रजलाल ने उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी पर करारा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर शुक्रवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए ब्रजलाल ने कहा कि अपराधी, माफिया व दंगाई सपा के घरजमाई हैं। सपा दलित विरोधी है। इनका इतिहास अपराधों से भरा है।

ब्रजलाल ने कहा कि बूथ कैप्चरिंग इनकी आदत है। सपा नेता शिवपाल यादव के बयान से उनकी मानसिकता उजागर होती है। चुनाव में जनता ठीक से इनका हिसाब लेगी। अखिलेश यादव की उपस्थिति में कन्नौज से भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक के टुकड़े-टुकड़े कर देने का बयान से इनकी गुंडई सिर चढ़कर बोल रही है। इनकी हरकतों को उत्तर प्रदेश की जनता ने झेला है। 2022 में सपा को जीत का अहंकार था। इनके कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में अराजकता का माहौल पैदा किया। भाजपा के राज्यसभा सदस्य ब्रजलाल ने कहा कि इंडी गठबंधन से चुनाव लड़ रहे इमरान मसूद ने मोदी के बोटी-बोटी कर देने का बयान दिया था।

उन्होंने कहा कि यूपी की जनता लगातार सपा की अराजकता के खिलाफ वोट कर रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा 80 की 80 लोकसभा सीटें जीतेगी। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार चला रहे हैं। वह बखूबी गुण्डों माफियाओं का इलाज करना जानते हैं। भाजपा सरकार में माफिया सिर नहीं उठा सके।

प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव,प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित एवं सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर