आगजनी में 40 हजार नगद के साथ लाखों की संपत्तियां जली

अररिया फोटो:आगजनी स्थल पर पुलिस जांच करती

अररिया 05 अप्रैल(हि.स.)। फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मटियारी पंचायत के भट्टाबाड़ी गांव के वार्ड संख्या 10 में बीती मध्य रात्रि विनोद झा पिता- स्वर्गीय उद्यानंद झा के घर में आगजनी में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई। आगजनी में 40 हजार रुपये नगद समेत घर में रखें जेवर जेवरात, वस्त्र,टीवी, अनाज आदि भी जल कर राख हो गया।आग पर काबू स्थानीय लोगों के कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया।

मामले को लेकर पीड़ित विनोद झा पिता -स्व.उद्यानन्द झा ने फारबिसगंज थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर दो नामजद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।आवेदन में उन्होंने पूर्व के विवाद में आगजनी और जिंदा जलाकर मार देने के प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।आरोप भट्टाबाड़ी गांव वार्ड संख्या 10 के ही संजय झा पिता -स्व.शिवानंद झा और संदीप झा उर्फ नेवला पिता - महानंद झा पर लगाया गया है।

आवेदन में पीड़ित ने बताया कि बीती मध्य रात्रि करीबन 12 बजे उनके घर में आगजनी की गई और उस समय उनका पुत्र रोहित झा घर में सोया हुआ था। जिन्होंने आज की लपट को देखकर घर के अंदर बंधी गाय, बकरी को बाहर निकालने के क्रम में दोनों आरोपितों को घर से भागते हुए पाया।

पीड़ित ने अपने आवेदन में बताया कि 25 मार्च को संजय झा को उसकी पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद संजय झा की पत्नी अपने घर से निकल कर उनके घर चली आई थी। जहां भोजन आदि कराकर मन शांत के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था। जिसको लेकर संजय झा ने घर में आगजनी करने और परिवार को जिंदा जलाकर मार देने की धमकी दिया था। आवेदन के बाद फारबिसगंज थाना पुलिस गांव पहुंची और स्थानीय लोगों से बातचीत कर मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/चंदा

   

सम्बंधित खबर