विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण एक श्रमिक की मौत, एक घायल

कामरूप (असम), 05 अप्रैल (हि.स.)। विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण शुक्रवार को एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह कामरूप जिले के नगरबेरा के विद्यानगर गांव में सुबह बिजली के खंभे पर तार लगाने के लिए पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने स्थानीय दो श्रमिकों को काम पर लगाया। उन श्रमिकों के जरिए बिजली के तार से सटे हुए वृक्षों को काटने का काम करवाया गया।

दोपहर को जब दोनों मजदूर बिजली के तार से लगकर वृक्ष काट रहे थे कि इसी बीच लाइन दे दिया गया। दोनों मजदूर करंट से सट गए। आरोप लगाया गया है कि विभाग के कर्मचारी वहां मौजूद होते हुए भी उनकी मदद नहीं कर रहे थे।

स्थानीय लोगों ने किसी प्रकार से एक मजदूर को बिजली के तार से अलग करके अस्पताल भेजा। जबकि, एक अन्य मजदूर की छटपटाकर ऊपर ही मौत हो गई।

इसके बाद गांव वाले उत्तेजित हो गए तथा बिजली विभाग के कर्मचारियों को वहां ही घेर लिया। घटना की सूचना पाकर पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने मृतक और घायल को क्षतिपूर्ति देने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।

मृतक की पहचान शाहिनूर इस्लाम के रूप में हुई है। जबकि, एक अन्य घायल व्यक्ति की पहचान सद्दाम हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संदर्भ में एक प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर