भाजपा का हर कार्यकर्ता सामाजिक न्याय के लिए समर्पित : मनोज राय

कटिहार, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने आज अपना 44वां स्थापना दिवस जिले भर में धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोज राय ने की। मौके पर मुख्य रूप से पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह, जिला महामंत्री वीरेंद्र यादव, सौरभ कुमार मालाकार, लोकसभा संयोजक कैलाश सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री सीमा झा आदि मौजूद थे।

जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि आज का दिन भाजपा की उन सभी महान विभूतियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया। मैं आज भाजपा देश की सबसे पसंदीदा पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ जन-जन की सेवा में जुटी है।

पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह ने कहा कि हम सभी के लिए गौरव की बात है कि भाजपा अपने विकासवादी विजन, सुशासन और राष्ट्रवादी मूल्यों के प्रति हमेशा समर्पित रही है। भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति इसके कार्यकर्ता हैं, जो 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में दिन-रात जुटे रहते हैं। देश की युवाशक्ति भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखती है, जो उनके सपनों को साकार करने के साथ ही 21वीं सदी में भारत को मजबूत नेतृत्व देने में सक्षम है।

हिन्दुस्थान समाचार/विनोद/चंदा

   

सम्बंधित खबर