नव संवत्सर पर दीपदान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम करेगी नववर्ष चेतना समिति

लखनऊ, 6 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय नववर्ष का जन-जन के बीच प्रचार-प्रसार और वैश्विक स्तर पर स्थापना के लिए प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार खाटूश्यामजी मंदिर पर दो दिवसीय आयोजन में दीपदान एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। इन आयोजनों के डेढ़ दशक की यात्रा का वार्षिक पत्रिका नवचैतन्य का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह जानकारी नव वर्ष चेतना समिति के अध्यक्ष डॉ. गिरीश गुप्ता ने शनिवार को हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में पत्रकार वार्ता में दी।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि लखनऊ के विभिन्न स्थानों पर पिछले 15 वर्षों से यह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस बार गोमती नदी तट पर स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। पहला कार्यक्रम नववर्ष की पूर्व संध्या यानी 8 अप्रैल को दीपदान एवं मुख्य दिन 9 अप्रैल को सायं 5:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ समिति की वार्षिक पत्रिका नवचैतन्य का लोकार्पण किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में इस्कान लखनऊ के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम दास, मुख्य वक्ता के रूप में संघ के क्षेत्र कार्यवाह डॉ. वीरेंद्र जायसवाल, विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. एलपी मिश्रा एवं उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन उपस्थित रहेंगे।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि सनातन सभ्यता और संस्कृति की अमिट धरोहर भारतीय नव वर्ष को हर्षोल्लास के साथ मनाने के साथ ही नव वर्ष का संदेश जन-जन तक पहुंचाती रही है। अपना नववर्ष आदिकाल से मुगलकाल तक सर्वसम्मति से माना मनाया जाता रहा। तदोपरांत अंग्रेजों के शासनकाल में उनके द्वारा अंग्रेजी कैलेंडर लागू किया गया। हम लोगों को अपनी परम्परा से विरत करने का प्रयास किया गया, परंतु आज से लगभग 15 वर्ष पूर्व नव वर्ष चेतना समिति का गठन किया गया। तब से आज तक चैत्र शुक्ल प्रतिपदा भारतीय नव वर्ष की पूर्व संध्या पर दीप प्रज्ज्वलन करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कर नव वर्ष का स्वागत एवं अभिनन्दन किया जा रहा है। उसी दिन विक्रमी सम्वत पर आधारित कैलेंडर का विमोचन कर विवरण जन-जन तक नववर्ष चेतना समिति द्वारा किया गया।

पत्रकार वार्ता को नव वर्ष चेतना समिति की मुख्य संरक्षिका रेखा त्रिपाठी एवं उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने भी सम्बोधित किया। पत्रकार वार्ता में समिति की तरफ से राधेश्याम सचदेवा, डॉ. पुनीता अवस्थी, एडवोकेट राकेश यादव, अरुण मिश्र, मीडिया प्रभारी आनंद पाण्डेय एवं भारत सिंह उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/पवन

   

सम्बंधित खबर