भाजपा में ही सामान्य कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष और प्रधानमंत्री तक बनता है : किरण देव

भाजपा में ही सामान्य कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष और प्रधानमंत्री तक बनता है : किरण देव

रायपुर, 6 अप्रैल (हि.स.)।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में स्थापना कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में सैकड़ों राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दल हैं, लेकिन उनमें सबसे अलग स्थान भाजपा का है। इसका मूल कारण पार्टी की मूल विचारधारा है। राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उदय की भावना के साथ हम लगातार 44 साल से निरंतर जनसेवा करते आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के परिश्रमी कार्यकर्ताओं के बल पर आज हमारी भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। श्री देव ने कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद जैसी तमाम अलगाववादी भावनाओं से दीगर भाजपा ही एक ऐसा राजनीतिक दल है जिसकी मूल भावना राष्ट्रवाद है, जहां नरेन्द्र मोदी जैसे सामान्य व्यक्ति प्रधानमंत्री और किरण देव जैसा सामान्य कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। हमें गर्व है कि हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं।

उत्सव की तरह मनाया स्थापना दिवस-भाजपा ने शनिवार को अपना 44वाँ स्थापना दिवस उत्सव की तरह मनाया। इसके लिए देश के हर राज्य, जिले, शहर, मंडलों और बूथों तक विभिन्न कार्यक्रमों की विशेष तैयारियां की गई। फिर एक बार, मोदी सरकार के नारे के साथ पूरे देश में स्थापना दिवस मना रही भाजपा को आयोजन की कड़ी में सुबह सर्वप्रथम भाजपा कार्यालय शिवप्रकाश एवं श्री देव ने भाजपा का ध्वज फहराया एवं भारत माता के चित्र और भारतीय जनसंघ (अब भाजपा) संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पार्टी के स्थापना दिवस की खुशी में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव,विधायक पुरंदर मिश्रा एवं जिला भाजपा अध्यक्ष जयंती पटेल ने उपस्थित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का शाल व श्रीफल देकर सम्मान किया गया।

भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक बिल्हा विधानसभा के बोदरी मंडल में, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल जांजगीर में, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा खमतराई में, प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा तिल्दा मंडल में, केदार गुप्ता कोंडागांव में, नीलू शर्मा राजनांदगांव में, अमित साहू भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेश भर में भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर