हताश कांग्रेस गठबंधन की साजिशों को उखाड़ फेकेंगे: सोनोवाल

डिब्रूगढ़, 06 अप्रैल, 2024 (हि.स.)। असमिया विरोधी कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने से तथाकथित क्षेत्रीयतावादी नेता लोगों का न्यूनतम् समर्थन भी खो देंगे। हम हताश कांग्रेस और उनके सहयोगियों की साजिश को उखाड़ फेकेंगे।’ ये बाते केंद्रीय मंत्री और डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को खोवांग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आयोजित चुनाव अभियानों के दौरान कही। सोनोवाल का जमीरा टी एस्टेट ऑडिटोरियम के साथ ही विभिन्न स्थानों पर भाजपा व सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़े उत्साह के साथ स्वागत किया।

चुनाव अभियान शुरू करने से पहले केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी का झंडा फहराया।

सर्वानंद सोनोवाल ने कहा, ‘खोवांग (पूर्व में मोरान) विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में इस क्षेत्र के लोगों से मिली समर्थन को कभी नहीं भूल सकता। एक समय यह क्षेत्र बाढ़, नदी भू-कटाव आदि जैसी विभिन्न समस्याओं से पीड़ित था, लेकिन आज इस खोवांग विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर काफी बदल गई है। विकास की लहर आज मोरान के हर गांव को छू चुकी है। इसका श्रेय मेरे सहयोगी केंद्रीय राज्य मंत्री और डिब्रूगढ़ के सांसद रामेश्वर तेली और विधायक चक्रधर गोगोई को देना चाहता हूं। यह उनके ईमानदार प्रयासों के कारण है कि आज का मोरान वह नहीं है जो पहले हुआ करता था। भारतीय जनता पार्टी हमेशा स्वदेशी लोगों के प्रति ईमानदार तथा जिम्मेवार रही है। हमारे खिलंजिया लोगों (स्थानीय समुदाय) को 42 अहोम स्वर्गदेवों (राजाओं) का आशीर्वाद प्राप्त है, जो दो महापुरुषों के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विचारों और विशाल आदर्शों से प्रेरित हैं। उनके आशीर्वाद से तथा भाजपा के नेतृत्व में क्षेत्र की प्रगति को कोई नहीं रोक सकता। सर्वांगीण शांति, प्रगति और समृद्धि की इस निरंतर यात्रा को नया आकार देने के लिए मैं दृढ़ संकल्पित हूं।’

केंद्रीय मंत्री ने आज विभिन्न चुनावी सभाओं में उपस्थित लोगों के साथ विभिन्न विषयों पर प्रत्यक्ष संवाद भी किया। चाय जनजाति तथा नेपाली भाषा में भी बात करते हुए उन्होंने विभिन्न जनजातीय भाषाओं के प्रति रुचि व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘हमारा यह बहुरंगी समाज सृष्टिकर्ता की महान रचना है, जिसमें सभी जातियां और जनजातियां मिलकर रहती हैं।’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ बोलने वाली पार्टी है। आजादी के बाद से उन्होंने हमें केवल धोखा दिया है। कांग्रेस सिर्फ डराने-धमकाने की राजनीतिक करती है और कांग्रेस का हाथ स्वदेशी लोगों की खून से रंगा हुआ है। ऐसी कांग्रेस को सत्ता में वापस लाना जागरूक तथा समाज हितैषी लोगों का काम नहीं हो सकता है। एक समय असम में क्षेत्रीयतावादी संगठनों ने कांग्रेस का विरोध किया करता था। उनकी भेदभावपूर्ण नीतियों का विरोध किया था, लेकिन अब कुछ तथाकथित क्षेत्रीयवादी संगठनों के उपजे राजनीतिक दलों के नेता भ्रष्टाचारी कांग्रेस का साथ दे रहे हैं। इससे विड़ंबना और क्या हो सकती है।

विभिन्न सभाओं में उपस्थित चाय समुदाय को संबोधित करते हुए सोनोवाल ने कहा, ‘अगर किसी समुदाय के आदर्श व्यक्तियों को उचित सम्मान नहीं दिया जाता है, तो समुदाय का मनोबल कम हो जाता है। कांग्रेस ने इस साधारण तथ्य को क्यों नहीं समझा? संतोष कुमार तप्न, साइमन सिंह हरो, मंगरी ओरांग जैसे चाय आदिवासियों की प्रमुख हस्तियों के नाम भाजपा सरकार के दिनों में ही व्यापक रूप से चर्चा में आए। साइमन सिंह हरो स्पेशल स्कॉलरशिप के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं पास करने वाले चाय समुदाय के छात्रों को 10 हजार रुपए दिए गए। दयाल दास पनिका स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को 25-25 हजार रुपए दिए गए। चाय बागान क्षेत्र की लगभग सभी सड़कें पक्की हो चुकी हैं, कई करोड़ रुपए की लागत से मॉडल हाई स्कूल, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बनाए गए हैं। यह चाय बागान के लोगों के लिए भाजपा के प्यार का संकेत है।’ इस दौरान केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, खोवांग के विधायक चक्रधर गोगोई और पार्टी के सहयोगी और पदाधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर