अफीम की खेती कर रहा किसान गिरफ्तार

आरोपी के कब्जे से 5 किलोग्राम अफीम बरामद

कौशांबी, 7 अप्रैल (हि.स.)। मंझनपुर पुलिस ने एक कोल्ड स्टोरेज के पीछे खेत से अफीम की खेती करने वाले किसान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने किसान के कब्जे से 5 किलोग्राम अफीम बरामद की है। जिसमे 3किलोग्राम अफीम सूखी हालत में मिली है। सर्किल अफसर ने किसान के कब्जे से बरामद की गई अफीम की कीमत 11 लाख रुपये आंकी है। थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुक़दमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

मंझनपुर के टेवा गांव में सरजू पुत्र लाल जी अपने परिवार के साथ रहता है। वह खेती-किसानी कर अपना और अपने परिवार का गुजर-बसर करता है। सरजू ने चित्रकूट हाइवे से सटे कोल्ड स्टोरेज के पीछे वाले खेत में चोरी छिपे फसल के बीच अफीम की खेती कर फसल तैयार कर ली। इस बात की भनक मुखबिर तंत्र के जरिये पुलिस को हो गई। थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए सरजू को खेत के समीप से पकड़ किया। सरजू की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से 3किलोग्राम सूखी अफीम व 2 किलो हरी अफीम बरामद की। सरजू ने पुलिस को दिये अपने बयान में बताया कि वह खेती में कुछ खास नहीं कर पा रहा था। बड़ी मुश्किल से उसका और उसके परिवार का खर्च चल रहा था। मजबूरन उसने अफीम की खेती करने का हुनर यूट्यूब के जरिये सीख कर प्रयोग के तौर पर खेत में फसल के बीच अफीम की फसल तैयार की। प्रयोग उसका सफल रहा खेत मे उसे 5किलोग्राम से अधिक की अफीम तैयार हुई। जिसे तैयार कर वह बेचने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच पुलिस ने आकर उसे पकड़ लिया। उसके अमीर बनने के सपने पर पानी फिर गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी मंझनपुर सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर थाना पुलिस टीम ने टेवा के कोल्ड स्टोरेज मार्ग के पास से सरजू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 5 किलोग्राम अफीम (3किलोग्राम सूखी व 2किलोग्राम हरी अफीम) बरामद की गई। बरामद अफीम की कीमत इन्टरनेशनल मार्केट मे 11 लाख रुपये आंकी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अजय कुमार/सियाराम

   

सम्बंधित खबर